नई दिल्ली: भारत सरकार ने इंडियन एयरफोर्स की ताकत बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लिया है।भारत ने 114 नए राफेल खरीदने की मंजूरी दे दी है। इससे भारतीय वायुसेना की ताकत में बड़ा इजाफा होगा। गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा अधिग्रहण परिषद यानी डीएसी की बैठक की। इस बैठक में ऐतिहासिक खरीद को मंजूरी दी गई।
परिषद ने भारतीय वायुसेना के लिए 114 राफेल लड़ाकू विमानों और नौसेना के लिए 6 P-8I पोसीडॉन विमानों की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। P-8I पोसीडॉन समुद्री निगरानी विमान है। यह डील भारत की रक्षा खरीद में अब तक सबसे बड़ी योजनाओं में एक मानी जा रही है।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल का इस्तेमाल करके भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। राफेल का दम देखने के बाद अब भारत सरकार ने और 114 नए राफेल जेट की खरीद की मंजूरी दे दी है।
पूरी दुनिया ने पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान फाइटर जेट राफेल का दम देखा था कि कैसे भारत ने पाकिस्तान पर एयर डॉमिनेंस बनाए रखा था। और पलक झपकते ही पाकिस्तान का नूर खान समेत तमाम एयरबेस पर अटैक किया था।
इससे पहले भारत ने अप्रैल, 2025 में 26 राफेल-मरीन जेट के लिए भी फ्रांस से सौदा किया था। ये डील 63 हजार करोड़ रुपये की थी। ये राफेल जेट विमानवाहक पोतों से उड़ने की क्षमता रखते हैं और इन्हें नेवी मिशन के लिए तैयार किया गया है। इस डील में ट्रेनिंग, हथियार, सिमुलेटर और दीर्घकालिक सहायता शामिल है। राफेल-एम को INS विक्रांत और INS विक्रमादित्य पर तैनात किया जाएगा।










