उत्तराखंड को देवभूमि के साथ ही पर्यटन प्रदेश के नाम से भी जाना जाता है. साल 2025 विदा ले रहा है और 2026 एक कदम दूर है. ऐसे में लोग जश्न के मूड में हैं. पुराने साल को विदा देने और नए साल का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं. मसूरी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग समेत अनेक जिलों और पर्यटक स्थलों में सैलानियों की काफ़ी भीड़ इकट्ठा है.
नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक रुद्रप्रयाग जिले में स्थित प्रसिद्ध पर्यटक स्थल चोपता-तुंगनाथ पहुंच रहे हैं. यहां पिछले कई दिनों से पर्यटकों की बड़ी भीड़ उमड़ रही है. थर्टी फर्स्ट और एक जनवरी के लिए चोपता पूरी तरह से पैक है. पर्यटक बड़ी संख्या में चोपता के बाद तुंगनाथ भी पहुंच रहे हैं. पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के बीच कोई हंगामा न हो, इसके लिए पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी है. चोपता में अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है.
उधर, नए साल के आने से पहले पहाड़ों की रानी मसूरी पूरी तरह जश्न के रंग में रंग चुकी है. देश-विदेश से आने वाले सैलानियों के स्वागत के लिए शहर के बड़े सितारा होटलों से लेकर छोटे होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे तक ने खास तैयारियां पूरी कर ली हैं.बस इंतज़ार है नए साल के जश्न का।
नैनीताल जिले में भी 31 दिसंबर और नए साल के जश्न को लेकर पूरे कुमाऊं मंडल में पर्यटकों की आवाजाही तेज हो गई है. देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल, जिम कॉर्बेट समेत अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं. पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है.
नए साल से पहले देश-विदेश से आए पर्यटकों का सैलाब कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में उमड़ पड़ा है. बुधवार को कॉर्बेट के सभी प्रमुख जोन-ढिकाला, बिजरानी, झिरना, दुर्गा देवी और ढेला पूरी तरह पैक नजर आए. जंगल सफारी, प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण में नए साल का स्वागत करने की चाहत ने कॉर्बेट को एक बार फिर पर्यटकों की पहली पसंद बना दिया है.
नए साल मद्देनजर शांति, कानून-व्यवस्था और यातायात को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है पुलिस ने ऑपरेशन ‘लगाम’ के तहत व्यापक विशेष अभियान चलाया हुआ है. नए साल पर कोई अनहोनी ना हो इसके लिए पुलिस पूरी तरह चौकस है।










