देहरादून: राजधानी देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है. मृतक पंकज मिश्रा के छोटे भाई अरविंद मिश्रा ने इस मामले में राजपुर थाने में तहरीर दी थी, उसी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया. मंगलवार को पंकज मिश्रा का पोस्टमॉर्टम हो गया था, लेकिन परिजनों की अपील पर आज बुधवार दोबारा से पोस्टमॉर्टम किया गया. वहीं पुलिस ने आरोपी अमित सहगल और उसके अन्य साथी को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है.
वहीं पत्रकार पंकज मिश्रा की पत्नी लक्ष्मी मिश्रा और उनके भाई अरविंद मिश्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाक़त की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत पत्रकार से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि इस प्रकरण में विधि सम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।










