देहरादून: गोवा के नाइट क्लब में बीते दिन लगी आग में उत्तराखंड के भी पांच लोगों की भी मौत हुई है. उत्तराखंड के रहने वाले ये सभी लोग उस नाइट क्लब के कर्मचारी थे, जहां आग लगी थी. नाइट क्लब में आग लगने से जान गंवाने वालों में उत्तराखंड के रहने वाले जितेंद्र सिंह, सुमित नेगी, मनीष सिंह, सतीश सिंह और सुरेंद्र सिंह शामिल हैं. गोवा नाइटक्लब अग्निकांड में उत्तराखंड के पांच लोगों की सूचना मिलने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार की रात को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से फोन पर बातचीत कर जानकारी ली.
फोन पर बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने गोवा सरकार से अनुरोध किया है कि अगर किसी भी प्रभावित व्यक्ति की पहचान उत्तराखंड निवासी के रूप में होती है, तो उनके परिजनों से तत्काल संपर्क स्थापित किया जाए और आवश्यक सहायता की जाए. इसमें विशेष रूप से पहचान, उपचार, सहायता राशि एवं और औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर किए जाए. गोवा के मुख्यमंत्री ने सीएम को आश्वस्त किया कि सभी प्रभावितों को आवश्यक चिकित्सा और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है.
साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड सरकार के सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे घटना पर लगातार नजर बनाए रखें और अगर राज्य के किसी नागरिक के प्रभावित होने की पुष्टि होती है, तो परिजनों को हर आवश्यक सहायता, जैसे कि चिकित्सा, कानूनी, परामर्श एवं अन्य किसी भी प्रकार की तत्परता से प्रदान की जाए. राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है.










