दिल्ली में लाल किले के पास कार ब्लास्ट को अंजाम देने वाले आतंकी डॉ. उमर मोहम्मद के पुलवामा स्थित घर को सुरक्षा एजेंसियों ने IED से उड़ा दिया है. आतंकवाद के खिलाफ की जा रही कड़ी कार्रवाई के तहत सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर पूरी प्रक्रिया को नियंत्रित तरीके से अंजाम दिया.
धमाके की जांच में अब तक कई बड़े खुलासे हो चुके हैं. ब्लास्ट से जुड़ी एक और कार गुरुवार को फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के पार्किंग में मिली. पुलिस के अनुसार, यह कार डॉ. शाहीन शाहिद के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसे पहले ही ‘व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल’ मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है.
जांच में सामने आया है कि ब्लास्ट के मुख्य आरोपी, डॉ. उमर मोहम्मद, डॉ. मुजम्मिल अहमद और डॉ. शाहीन शाहिद, ने अपनी पूरी प्लानिंग एक एन्क्रिप्टेड स्विस मैसेजिंग ऐप के जरिए बनाई और उसी से अपने आतंकी मिशन को कोऑर्डिनेट किया. ब्लास्ट साइट से मिले DNA सैंपलों से पुष्टि हुई है कि लाल किले के पास विस्फोट हुई सफेद Hyundai i20 कार को डॉ. उमर ही चला रहा था.










