पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे से पहले ही विपक्ष ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. राष्ट्रीय जनता दल ने धीमी मतगणना और गड़बड़ी की आशंका जताई है. इस बीच पार्टी के विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह ने ऐसा बयान दिया है, जिसको लेकर सियासी बवाल शुरू हो गया है. उन्होंने इलेक्शन कमीशन को चेतावनी देते हुए कहा कि 2020 जैसा ‘कुकृत्य’ किया तो रिटर्निंग ऑफिसर ‘सुरक्षित’ बाहर नहीं आ पाएगा.
रिटर्निंग ऑफिसर बाहर नहीं आ पाएंगे: आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह ने कहा कि 2020 चुनाव में चुनाव आयोग और प्रशासन ने मिलकर कुकृत्य किया था. उन्होंने कहा कि इस बार वैसी ही गड़बड़ी करने पर या तो हमारे उम्मीदवार बाहर आएंगे या वहां मौजूद रिटर्निंग ऑफिसर बाहर आ पाएंगे.
सुनील सिंह ने चुनाव आयोग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मतगणना के दौरान कोई गड़बड़ी की तो यहां भी नेपाल जैसा दृश्य देखने को मिल सकता है. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता आशंकित है, ऐसे में तमाम लोग सड़क पर उतर जाएंगे.
चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए आरजेडी नेता ने कहा कि चुनाव आयोग की साख पर बट्टा लग चुका है. सुनील सिंह ने कहा कि जिस तरह से बिहार चुनाव के दौरान रिटर्निंग अफसरों की पोस्टिंग की गई है, उससे जनता आशंकित है कि फिर बेईमानी होगी. ऐसे में अगर ऐसा हुआ तो नेपाल का दृश्य यहां पर भी देखने को मिलेगा.
आपने वर्ष 2020 में किया कि 4-4 घंटे किसी के बारे में किसी को कुछ पता नहीं था, वो काम अगर इस बार होगा तो या तो मेरा उम्मीदवार बाहर आएगा या वो जो रिटर्निंग ऑफिसर होगा, वो बाहर आएगा. मैं आपको चेतावनी देना चाहता हूं. पूरी जनता सड़क पर आएगी और वो दृश्य देखने को मिलेगा, जो आपको नेपाल में देखने को मिला है.”-










