अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र, ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ दिया नाम, 25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये देने का किया वादा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इस घोषणापत्र को ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और PDA का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है।

घोषणापत्र में सरकार बनने पर 5 साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया गया है।

ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने ₹5,000 पोषण/बेरोजगारी भत्ता देने और 12वीं पास युवाओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना फिर से शुरू करने का ऐलान किया गया है।

महिलाओं और बुजुर्ग महिलाओं, मजदूरों व कारीगरों को ₹40,000 सालाना पेंशन या आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा सरकारी नौकरियों (पुलिस बल सहित) में महिलाओं को 33% आरक्षण देने की बात कही गई है।

राज्य में पुरानी पेंशन योजना (OPS) को फिर से लागू करने, नौकरियों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने और शिक्षा मित्रों को शिक्षकों के बराबर वेतन व नियमित करने का वादा किया गया है।

इसके अलावा घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, बीपीएल परिवारों को साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने और ₹5 में भोजन उपलब्ध कराने के लिए ‘समाजवादी कैंटीन’ खोलने का प्रस्ताव भी है।

राज्य की अपनी शिक्षा नीति लाने, बंद पड़े 26,000 स्कूलों को फिर से खोलने और जरूरतमंदों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने की घोषणा की गई है।
दो एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को 5 बोरी यूरिया मुफ्त देने, गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के लिए ₹10,000 करोड़ का कॉर्पस फंड बनाने और सभी जिलों में किसान बाजार स्थापित करने का वादा शामिल है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, जमीनों पर अवैध कब्जे, अवैध वसूली, धमकाने और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अपराधी चाहे किसी भी जाति का हो, किसी भी धर्म का हो या किसी भी पार्टी का हो, उसे जेल भेज दिया जाएगा।”
News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें