देहरादून: उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित जोशी ने गुरुवार को कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के हाथों कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर अमित जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में नाकाम साबित हुई है। उत्तराखंड राज्य की स्थापना जिन शहीद आंदोलनकारियों के सपनों और आकांक्षाओं को लेकर हुई थी, उन सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए अहंकारी और गैर-जिम्मेदार सरकार को सत्ता से हटाना ज़रूरी है।उन्होंने कहा कि प्रदेश को भाजपा के कुशासन से मुक्ति दिलाने और उत्तराखंड को विकास एवं जनहित की राह पर आगे ले जाने में केवल कांग्रेस ही सक्षम है।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद अमित जोशी ने कहा कि वह पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा के साथ-साथ प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी जहां पार्टी को उनके सहयोग और योगदान की ज़रूरत होगी, वह एक सामान्य कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाएंगे। उनके लिए पार्टी संगठन और जनसेवा सर्वोपरि रहेंगी।
इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष श्यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण समेत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं ने अमित जोशी की कांग्रेस में घर वापसी पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।








