लखनऊ: सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने आज लखनऊ के रमाबाई मैदान में रैली की। AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने संविधान दिवस के मौके पर आज गुरुवार को रैली के जरिये दम-खम दिखाया।
इस मौके पर ओवैसी ने कहा, ‘मुझे पूरा यकीन है कि इतनी बड़ी तादाद में आपका यहां जमा होना उत्तर प्रदेश की आवाम को एक पैगाम देता है। यहां लाखों लोगों की मौजूदगी नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ को भी एक पैगाम देती है। यहां आपका इतनी बड़ी तादाद में जमा होना समाजवादी पार्टी के नेताओं के लिए भी एक पैगाम है कि अब जनता तुम्हारी मौकापरस्ती और धोखेबाजी का शिकार नहीं होगी। यह एक नेक शुरुआत है। यह भागीदारी, भाईचारे और इंसाफ की शुरुआत है।’
ओवैसी ने कहा कि हम सब अपनी मेहनत, अपने इत्तेहाद और अपनी दुआओं के बल पर आने वाले विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे। हम सब मिलकर बीजेपी को तीसरी मर्तबा सरकार बनाने से रोकेंगे।
उन्होंने कहा कि मेरे भाई चंद्रशेखर आजाद सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा हैं। उनकी कामयाबी उम्मीद की कामयाबी होगी, इंसाफ की कामयाबी होगी और जुल्म के खात्मे की कामयाबी होगी। उनकी कामयाबी से एक नए दौर का आगाज होगा।
ओवैसी ने कहा कि आपके वोट से जनता का राज आएगा। स्वराज का मतलब क्या है? इसका मतलब हिंदू राष्ट्र, ठाकुर राज, यादव राज या किसी परिवार का राज नहीं है। स्वराज का मतलब है कि संविधान में जिस बराबरी और हिस्सेदारी की बात कही गई है, उसे हम हासिल करें। आज वोट तो जनता से लिया जाता है, मगर राज जनता का नहीं होता। कभी ठाकुरों का राज होता है, तो कभी यादवों का। हम दोनों को खारिज करते हैं। हम जनता का राज बहाल करेंगे।
ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि यूपी में अब ‘बुलडोजर और एनकाउंटर’ की जगह कानून का शासन होगा। उन्होंने बीजेपी और आरएसएस को संविधान का विरोधी बताया।








