देहरादून: उत्तराखंड में अधिकारियों के एक बार फिर तबादले हुए हैं। ट्रांसफर लिस्ट में IAS और आईपीएस के साथ पीसीएस अधिकारियों के नाम हैं।नैनीताल, उधम सिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चमोली और बागेश्वर जिलों के पुलिस कप्तान भी बदल दिए गए हैं।
12 IAS के साथ 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। इसके अलावा दो पीसीएस और दो सचिवालय सेवा के अधिकारियों की भी जिम्मेदारी बदली गई है।
एलएल फैनई को एक बार फिर प्रमुख सचिव आबकारी की जिम्मेदारी दी गई है। दिलीप जावलकर से सचिव वित्त की जिम्मेदारी हटा दी गई है। रंजीत कुमार सिन्हा को सचिव।आयुष एवं आयुष शिक्षा की जिम्मेदारी मिली है जबकि उनसे सचिव तकनीकी शिक्षा का पद हटाया गया है।
वहीं बृजेश कुमार संत को खनन और आबकारी विभाग से हटाकर उन्हें खेल विभाग का सचिव बनाया गया है। आर राजेश कुमार को खनन की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। डॉ. आर. राजेश कुमार उत्तराखंड के खनन (औद्योगिक विकास – खनन) सचिव और महानिदेशक खनन हो गए हैं। युगल किशोर पंत को सचिव तकनीकी शिक्षा विभाग दिया गया है. रंजना राजगुरु को सचिव नियोजन बनाया गया है। उनसे सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा की जिम्मेदारी वापस ली गई है।
अभिनव शाह को अपर सचिव सहकारिता और निबंधक सहकारिता बनाया गया है। PCS बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास और निदेशक महिला डेयरी की जिम्मेदारी मिली है। PCS इलागिरि को आयुक्त नागरिक आपूर्ति की जिम्मेदारी मिली है।
इसके साथ ही सचिवालय सेवा में भी बदलाव किया गया है। सचिवालय सेवा के विक्रम सिंह यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग हटाया गया है। महिमा रौंकली को अपर सचिव वन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मणिकांत मिश्र को उधम सिंह नगर का एसएसपी बनाया गया है। अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का एसएसपी बनाया गया है जबकि देवेंद्र पींचा को एसएसपी पौड़ी की जिम्मेदारी दी गई है।








