नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल बाद फिर से गठबंधन हो गया है। जिसके तहत दोनों दल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की औपचारिक घोषणा की।
इस दौरान अमित शाह ने कहा कि NDA गठबंधन की सबसे पुरानी पार्टी अकाली दल वापस लौट कर आई है। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 दोनों मिलकर लड़ने का फैसला लिया है। अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री भी उन्हीं का रहेगा।
अमित शाह ने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक रही है। पंजाब में भी एनडीए की सरकार बनने पर कानून-व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। राज्य में गैंगस्टरवाद, नशा खत्म करना और अपराध पर लगाम लगाना गठबंधन की प्राथमिकता होगी। अमित शाह ने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता आगामी चुनाव में एनडीए को समर्थन देकर उसकी सरकार बनाएगी।
वहीं अकाली दल प्रमुख सुखबीर बादल ने प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर अकाली दल और भाजपा के पुनः गठबंधन का स्वागत करते हुए इसे महज एक राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि पंजाब के हितों के लिए बना एक ‘भावनात्मक गठबंधन‘ बताया।
सुखबीर बादल ने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने पंजाब को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में ड्रग माफिया और गैंगस्टर राज कर रहे हैं।
आपको बता दें कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन 1996 में शुरू हुआ था और दोनों पार्टियों ने 1997, 2007 और 2012 में मिलकर पंजाब में सरकार बनाई थी। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। अब 6 साल बाद फिर दोनों के बीच गठबंधन हो गया है।








