देहरादून: उत्तराखंड में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल‘ का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। साथ ही विकसित उत्तराखंड विजन 2047 का भी विमोचन किया। सीएम धामी ने कहा कि ये दोनों पहल प्रदेश में सुशासन को मजबूत बनाने, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने एवं उत्तराखंड के दीर्घकालिक विकास को स्पष्ट दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
सीएम धामी ने कहा कि किसी भी सरकार की सफलता का वास्तविक पैमाना सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। कई बार जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं।
इसके अलावा नागरिकों को एक ही जानकारी के लिए बार-बार दस्तावेज देने और विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से इन समस्याओं को कम करने एवं सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश साल 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने बाबा केदार की पावन भूमि से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उनके इन शब्दों से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए लगातार काम कर रही है।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ चुकी है। पिछले एक साल में प्रदेश की जीएसडीपी में 7.23 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रतिव्यक्ति आय में 41 फीसदी की वृद्धि और रिवर्स पलायन में 44 फीसदी की बढ़ोतरी राज्य में हो रहे बदलावों को दिखा रही है।
वहीं प्रमुख सचिव नियोजन आर मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि “देवभूमि परिवार पोर्टल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के परिवारों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार करना है. पोर्टल के माध्यम से परिवारों एवं उनके सदस्यों की जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध होगी। इससे सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान, विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी”।









