नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। करीब 80 से 100 पुलिसकर्मी, जिनमें महिला अधिकारी भी शामिल थीं, अपने ही विभाग के फैसले के खिलाफ तख्तियां लेकर सड़क पर उतर आए।
शाहदरा में वकीलों और पुलिस के बीच हुए विवाद के बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ और SHO अरुण कुमार के तबादले के विरोध में दिल्ली पुलिस के जवान अपने ही मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। इन पुलिसकर्मियों की मांग है कि दोनों अधिकारियों का ट्रांसफर रद्द कर उन्हें वापस पुरानी पोस्टिंग दी जाए।
दरअसल, 23 अक्टूबर को शाहदरा थाने के अंदर पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच भारी झड़प हुई थी, जिसमें एक वकील को गंभीर चोट आई थी। इसके बाद वकीलों के दबाव में आकर विभाग ने इन दोनों पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए उनका ट्रांसफर कर दिया था।
दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिसकर्मियों से अनुशासन बनाए रखने तथा प्रदर्शनकारियों की तरह व्यवहार न करने का आग्रह किया।
मामला बढ़ता देख दिल्ली पुलिस के कमिश्नर अनुराग कुमार और सभी स्पेशल कमिश्नरों को पुलिस मुख्यालय के ‘आदर्श ऑडिटोरियम’ में जवानों के साथ आपातकालीन बैठक (संपर्क सभा) करनी पड़ी। दिल्ली पुलिस के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब शीर्ष आला अधिकारियों को मंच पर बैठकर जवानों की शिकायतों को इस तरह सीधे सुनना पड़ा।
दिल्ली पुलिस के इतिहास में पहली बार ऐसा विरोध प्रदर्शन हुआ है की जब पुलिसकर्मी ही अपने अधिकारियों के फैसले के खिलाफ सड़क पर उतर आए। अब देखना होगा कि दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं









