उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास चाई गांव में एक हेलीकॉप्टर हादसा हुआ है, जिसमें पायलट समेत कुल 6 लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर में 5 श्रद्धालु और 1 पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। यात्रियों की पहचान चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व के रूप में हुई है, जबकि पायलट का नाम कैप्टन हिमांशु था। सभी यात्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे थे।
दोपहर करीब 1:14 बजे ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के हेलीकॉप्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX) ने बद्रीनाथ से देहरादून के लिए उड़ान भरी थी। पहाड़ी घाटी पार करते समय खराब मौसम, लगातार बारिश और लो विजिबिलिटी के कारण हाथी पहाड़ के पास इसका संपर्क टूट गया और यह क्रैश हो गया।
सीएम धामी ने जताया दुख
हेलीकॉप्टर हादसे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। सीएम धामी ने एक्स हैंडल पर कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।









