हरिद्वार से कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा’ शुरू, गंगाजल हाथ में लेकर सरकार के खिलाफ ली गई शपथ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिद्वार : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने हरिद्वार से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा’ की शुरुआत की। शिवमूर्ति चौक से सुभाष घाट तक निकाली गई यात्रा में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत से पहले कुमारी सैलजा समेत कांग्रेस नेताओं ने शहर कोतवाली के सामने स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सुभाष घाट पहुंचकर नेताओं ने मां गंगा को नमन किया। कांग्रेस नेताओं ने गंगाजल हाथ में लेकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए संघर्ष जारी रखने की शपथ भी ली।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हरिद्वार से शुरू हुई ‘वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा’ को प्रदेश के अन्य हिस्सों तक ले जाया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी सवाल उठाए और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गंगा की शरण में लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा की प्रार्थना करने पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष की चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

सैलजा ने दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि संसद से निर्वाचन आयोग कार्यालय तक निकाले गए मार्च को बैरिकेड लगाकर रोका गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की बात सुनी जानी चाहिए।

सैलजा ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर उठाई गई शिकायतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उनका कहना था कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए राजनीतिक दलों और आम लोगों को आगे आना होगा।

यात्रा के सुभाष घाट पहुंचने पर गणेश गोदियाल, कुमारी सैलजा और करन माहरा समेत कई कांग्रेस नेता गंगा में उतरे। गोदियाल ने गंगाजल हाथ में लेकर कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदान का अधिकार लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और कांग्रेस इस अधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखेगी।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य मतदाता अधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाना है। कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में अभियान चलाने की बात कही।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial