उत्तरकाशी में बनेगा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर, सीएम धामी ने किया ऐलान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तरकाशी: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी के पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा और सेवा संकल्प सभा में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ढाई दशक के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रभाव और जनकल्याण के संकल्प का प्रतीक है। जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। राज्य सरकार इसी दृष्टि के अनुरूप प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार के साथ उद्योग, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल की संख्या में करीब 25 प्रतिशत और होमस्टे में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है। तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है और राज्य को लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का सम्मान मिला है। उत्तराखंड पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि भी हासिल कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के प्रयासों के चलते इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। उत्तरकाशी जिले में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिनमें 26 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 24 पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। इसके अलावा धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे फैसले लिए गए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और नकल विरोधी कानून के चलते पिछले करीब पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।

मुख्यमंत्री ने विकसित भारत के संकल्प को लोगों के कर्तव्यों और दायित्वों से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।

उत्तरकाशी में बनेगा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराने की बात कही। भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने इसकी स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात कही। डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाने की बात कही गई।

मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण और केदार सिंह रावत समेत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial