नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी की नेता और मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने ‘आप’ का दामन छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने आज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव समेत अन्य नेता मौजूद थे।
कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने खुलकर अपनी बात रखी और राहुल गांधी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह एक ऐसी दिल्ली को वापस चाहती हैं, जहां वह पली-बढ़ी हैं एक हरित, स्वच्छ, प्रगतिशील और सुरक्षित दिल्ली, जो उनके बचपन के संस्कारों का हिस्सा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय राजनीति में एक दशक से अधिक के अनुभव के बाद वह इस निष्कर्ष पर पहुंची हैं कि केवल कांग्रेस पार्टी ही देश और दिल्ली को यह स्वरूप वापस दिला सकती है।
राहुल गांधी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि यदि आज देश की राजनीति में कोई ऐसा नेता है, जो पूरी तरह प्रामाणिक है और प्रामाणिकता को बढ़ावा देने से डरता नहीं है, तो वह केवल राहुल गांधी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी अकेले ऐसे नेता हैं, जिन्होंने कभी कैमरों के सामने आंसू नहीं बहाए और पूरी राजनीतिक मशीनरी द्वारा उन्हें नीचा दिखाने तथा अपमानित करने के तमाम प्रयासों के बावजूद वह पूरी दृढ़ता के साथ डटे रहे।
उन्होंने कहा कि मैंने यह भी महसूस किया कि आज हमारे देश की राजनीति में अगर कोई नेता सच में प्रमाणिकता है और प्रमाणिकता को फैलाने से डरते नहीं है तो वो सिर्फ राहुल गांधी हैं। मैंने देखा कि किस तरह से उन्हें नीचा दिखाने के लिए पूरी मशीनरी लगा दी गई, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस हमेशा स्थिर रहे। यह ही वजह है कि मैंने कांग्रेस में जाने का फैसला किया।









