मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन का सिलसिला तेज होने लगा है। कॉकरोच जनता पार्टी ने ऐलान किया है कि अगर ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो 10 अक्टूबर को देशभर से लोग दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। CJP ने यह घोषणा शनिवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के बाद की है।
CJP के मुताबिक, शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन में बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए। संगठन का कहना है कि मुंबई का प्रदर्शन देशभर में चल रहे नागरिक आंदोलन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है। अब इसी आंदोलन को दिल्ली तक ले जाने की तैयारी की जा रही है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकती है तो जिस स्थान पर उन्हें रोका जाएगा, वहीं से प्रदर्शन जारी रखा जाएगा।
अभिजीत दिपके ने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है। उन्होंने उन लोगों से 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग का समर्थन करते हैं।









