देहरादून में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: आज यानि शुक्रवार को कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर  देहरादून में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से सचिवालय तक मार्च निकाला और सचिवालय स्थित निर्वाचन कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका गया।

प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा सहित विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपा।

ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों निर्वाचन आयुक्तों को तत्काल पद से हटाने, उनके पूर्व में लिए गए फैसलों को निरस्त करने तथा नए मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति की मांग की। कांग्रेस ने निर्वाचन आयुक्तों की गिरफ्तारी की मांग भी रखी।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं और प्रक्रियागत विसंगतियां सामने आ रही हैं। पार्टी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कांग्रेस ने दावा किया कि राज्य के कई विधानसभा क्षेत्रों में कुछ लोगों द्वारा बड़ी संख्या में प्रपत्र-7 दाखिल कर मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने ऐसे मामलों की जांच कराने और बड़ी संख्या में आपत्तियां दाखिल करने वाले लोगों के संबंधित मतदाताओं और क्षेत्र से वास्तविक जुड़ाव की जांच की मांग की।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial