राहुल गांधी ने गृहमंत्री अमित शाह को लिखा लेटर, पूछा- छात्रों को मारने का आदेश किसने दिया? जवाबदेही तय करने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: छात्रों का प्रदर्शन खत्म होने और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर जवाबदेही तय करने की मांग की है।

पत्र में उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग, पैलेट गन के इस्तेमाल और कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को लेकर कई सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने पत्र शेयर किया जिसमें उन्होंने लिखा-

छात्रों को मारने का आदेश किसने दिया? छात्र निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय सुरक्षा बलों ने कथित तौर पर अंधाधुंध बल प्रयोग किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान आंसू गैस और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान सैकड़ों छात्र घायल हुए हैं। साथ ही छात्राओं पर भी पुलिसकर्मियों ने हमला किया, जिसमें जानबूझकर उनके निजी अंगों को निशाना बनाया गया। उन्होंने एक 19 वर्षीय छात्र साहिल का जिक्र करते हुए लिखा, पैलेट गन लगने के कारण उसकी एक आंख की रोशनी जाने का खतरा है।

राहुल गांधी ने अमित शाह को लेटर में लिखा, दिल्ली में तैनात सुरक्षा बल आखिरकार आपके ही अधीन हैं, इसलिए मैं पूछता हूं।

1. गृह मंत्री के तौर पर, क्या आपने छात्रों के खिलाफ पैलेट गन समेत जानलेवा बल के इस्तेमाल को मंजूरी दी थी? अगर नहीं, तो किसने दी थी?

2. सादे कपड़ों में छात्रों पर लाठियां बरसाते हुए जो लोग दिख रहे हैं, क्या वे पुलिसकर्मी हैं या स्वयंसेवक? उन्हें तैनात करने का आदेश किसने दिया?

उन्होंने आगे लिखा, किसी भी लोकतंत्र के लिए शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन बहुत जरूरी है। प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा करना और बातचीत के जरिए उनकी शिकायतों का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस तरह की बर्बर हिंसा हर नियम को तोड़ती है और इसने देश को आक्रोशित कर दिया है। देश का भविष्य माने जाने वाले युवा और छात्र जवाब और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial