देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में निर्माणाधीन साइंस सिटी परियोजना का निरीक्षण किया और विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति (एसटीआईपी) परिसंवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने यूकॉस्ट परिसर में स्टार्टअप सेंटर स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में विकसित हो रही साइंस सिटी आने वाले समय में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगी। यहां विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे युवाओं के नवाचार और शोध को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘विज्ञान सेतु‘ पहल के तहत सामुदायिक विज्ञान रेडियो ‘विज्ञान वाणी‘ (88.8 मेगाहर्ट्ज), ‘विज्ञान दृश्यम‘ और ‘विज्ञान धारा‘ का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों से वैज्ञानिक ज्ञान और नई तकनीकों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया तेजी से तकनीकी बदलाव के दौर से गुजर रही है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन, डेटा साइंस, बायोटेक्नोलॉजी तथा सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकें भविष्य तय कर रही हैं। ऐसे में उत्तराखंड को भी इन क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए तैयार होना होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विज्ञान, तकनीक और आधुनिक अनुसंधान का केंद्र बनाने के लिए पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू कर चुकी है। इस नीति का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि नवाचार के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाला बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साइंस एंड इनोवेशन सेंटर, लैब्स ऑन व्हील्स, डिजिटल लाइब्रेरी, पेटेंट सूचना केंद्र, स्टेम लैब्स और जीआईएस आधारित आधुनिक तकनीकी प्रणालियों का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर और प्री-इन्क्यूबेशन लैब जैसी भविष्य की तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान विकसित किए जाएंगे, ताकि राज्य को विज्ञान आधारित ज्ञान अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, सचिव नितेश झा, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, वैज्ञानिक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









