हाथरस: सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में 548 करोड़ की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले आज धर्म की राजनीति कर रहे हैं।
सीएम योगी ने अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए रामलला के दर्शन करने की सलाह दी। कहा कि सपा सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, वे आज अयोध्या की बात कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार में जेलों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन बंद करा दिया गया था और कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि पहले सरकारें मंदिरों की जगह कब्रिस्तानों की बाउंड्री पर ज्यादा पैसा खर्च करती थीं, जबकि उनकी सरकार धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे उन्हें सद्बुद्धि मिलेगी। सीएम ने कहा कि अगर विपक्ष खुद को धार्मिक मानता है तो उसे मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए। उनकी सरकार श्रीकृष्ण जन्मभूमि आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की छवि खराब थी। हालात ऐसे थे कि प्रदेश का युवा अपनी पहचान बताने से भी कतराता था। उस समय माफिया का राज था, गरीबों का शोषण होता था, सरकारी जमीनों पर कब्जे किए जाते थे, विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार होता था। व्यापारी, किसान व बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं। जबकि उनकी सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर लगातार काम कर रही है।









