नई दिल्लीः 21 जून को होने वाली नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा से पहले, कांग्रेस ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि सरकार ने शिक्षा को “बिजनेस” बना दिया है। कांग्रेस ने (NTA) पर प्रतिबंध लगाने की अपनी मांग को दोहराने के साथ-साथ, पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं कराने के लिए एक नई संस्था बनाने की मांग की है।
कांग्रेस नेता और (NSUI) के प्रभारी कन्हैया ने कहा, “पेपर लीक को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने होंगे, एनटीए (NTA) पर प्रतिबंध लगाना होगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जिन्हें ‘परीक्षा पे चर्चा’ करना पसंद है, पेपर लीक पर एक शब्द भी नहीं बोलते हैं।”
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “आज ऐसी एक भी परीक्षा नहीं है जिसका प्रश्नपत्र लीक या गड़बड़ न हुआ हो।अब तो यूपीएससी जैसी परीक्षाओं पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इस सब की मुख्य वजह सत्ता में बैठे लोगों की नाकामी है। सरकार ने शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था को एक मजाक बना कर रख दिया है।
मोदी सरकार टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाकर अपनी कमियों को छिपा रही है। पेपर लीक का मामला तभी सामने आया जब कुछ लोगों ने टेलीग्राम पर करोड़ों रुपये में बेचे गए पेपरों को शेयर किया।असलियत यह है कि मोदी सरकार ने शिक्षा को एक बिजनेस बना दिया है।शिक्षा व्यवस्था से लोगों का भरोसा उठ गया है, छात्र तनाव में हैं और वे आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं।लेकिन भाजपा नेताओं और मंत्रियों के बच्चे विदेशों में पढ़ रहे हैं।
कन्हैया ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की कांग्रेस की मांग को भी दोहराया. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री को धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेना चाहिए, एनटीए (NTA) पर प्रतिबंध लगाना चाहिए और पेपर लीक के सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं कराने के लिए एक सक्षम संस्था बनाई जानी चाहिए।









