नई दिल्ली: मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार 12 वर्ष के रिकॉर्ड कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में सर्वाधिक अवधि तक जनादेश प्राप्त कर राष्ट्रसेवा का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री सहित नीति आयोग के सभी सदस्यों को अगले वर्ष उत्तराखंड में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ मेला और नंदा राजजात यात्रा में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में उत्तराखंड के विकास का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित नीति आयोग के सभी सदस्यों को वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ मेला और नंदा राजजात यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
इस दौरान बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि “विकसित भारत-2047″ का आधार मजबूत मानव संसाधन है और इसी सोच के तहत उत्तराखंड सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और युवा सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आंगनबाड़ी केंद्रों का आधुनिकीकरण, स्मार्ट क्लास, वर्चुअल क्लासरूम और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है।









