नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के विकास से जुड़े अहम मुद्दों को प्रमुखता से रखा।
विकसित भारत-2047 के विजन पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार बैठक में ‘विकसित भारत-2047′, सहकारी संघवाद को मजबूत करने और राज्यों के संतुलित एवं समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यटन, निवेश, रोजगार सृजन और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से दीर्घकालिक राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।
कृषि क्षेत्र में बदलाव का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश के कृषि क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पीएम-किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार जैसी योजनाओं ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किया है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी है।
उत्तराखंड की योजनाओं को भी किया रेखांकित
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार बागवानी, प्राकृतिक खेती, मोटे अनाज (मिलेट्स), कृषि मशीनीकरण और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। विशेष रूप से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर फोकस किया जा रहा है।
‘हाउस ऑफ हिमालय’ से मिल रही नई पहचान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “हाउस ऑफ हिमालय” पहल उत्तराखंड के पहाड़ी उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ किसानों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों की आय बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि कृषि, पर्यटन, निवेश और आधारभूत ढांचे को मजबूत कर राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा और किसानों की समृद्धि सुनिश्चित की जाएगी।









