पीएम नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने पर सीएम धामी ने लिखा पत्र, विकास और सुशासन की उपलब्धियों को सराहा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने पर देवभूमि उत्तराखंड की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, जीएसटी व्यवस्था और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे फैसलों ने देश को नई दिशा दी है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत के व्यापक टीकाकरण अभियान और ‘वैक्सीन मैत्री’ पहल को भी मुख्यमंत्री ने वैश्विक नेतृत्व का उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने पत्र में प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सनातन सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण को भारत के सांस्कृतिक गौरव से जुड़े ऐतिहासिक कार्य बताया।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, रोपवे परियोजनाओं, वंदे भारत एक्सप्रेस और सीमांत क्षेत्रों के विकास कार्यों को नई गति मिली है।

उन्होंने पत्र में लखवाड़, सौंग व्यासी और जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इनके पूरा होने से राज्य में पेयजल और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा और विश्व पटल पर एक अग्रणी एवं सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial