नई दिल्ली: आखिरकार जिसकी उम्मीद पहले से ही थी वो ही हुआ। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो पाया। सरकार को विपक्ष का साथ नहीं मिला और बिल पास नहीं हो सका।
लोकसभा में शुक्रवार को महिला आरक्षण से जुड़े बिल पर वोटिंग कराई गई। इससे पहले महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल पर लंबी बहस चली और विपक्ष की ओर से इन बिलों का लगातार विरोध किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने विपक्ष से इस बिल का समर्थन करने की अपील की। हालांकि, आखिरकार महिला आरक्षण से जुड़ा बिल लोकसभा में पास नहीं पाया।
लोकसभा में शुक्रवार को तीन विधेयकों- ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026 पर वोटिंग कराई गई। बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े तो वहीं, विपक्ष में 230 वोट पड़े। जबकि इस बिल को पास कराने के लिए सदन में दो तिहाई सांसदों के वोट चाहिए थे।
वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल पर साथ नहीं देकर विपक्ष ने महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने का मौका गंवा दिया। पीएम मोदी के नेतृत्व में उनकी पार्टी महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने के लिए अभियान जारी रखेगी।
किरेन रिजिजू ने कहा, ‘इतने ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण बिल पर जो नतीजा आया है, देश की महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने के इस बिल पर विपक्ष ने साथ नहीं दिया। यह बहुत खेद की बात है। इस ऐतिहासिक पल पर आपके पास एक मौका था, आपने इसे गंवा दिया।








