ईरान-अमेरिका-इजराइल के बीच चल रही जंग का आज 35वां दिन है। अमेरिका ने ईरान के सबसे ऊंचे पुल को तबाह कर दिया। 136 मीटर ऊंचे इस पुल पर हमले के बाद यह दो हिस्सों में बंट गया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस हमले के बाद ईरान को धमकी देते हुए कहा कि जल्द समझौता कर लो, वरना इस तरह के हमले के लिए तैयार रहो।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार देर रात दावा किया कि हवाई हमलों के जरिए ईरान के सबसे ऊंचे पुल को नष्ट कर दिया गया है। यह 136 मीटर ऊंचा और 400 मिलियन डॉलर की लागत से बना B1 सस्पेंशन ब्रिज था, जो तेहरान और करज के बीच स्थित था।
ईरान को और तबाही की चेतावनी देते हुए ट्रंप ने ट्रुथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें एक ईरानी पुल ‘ढहता हुआ’ दिखाई दे रहा है। उन्होंने लिखा, ‘उस देश में अब कुछ भी नहीं बचा है, जो कभी एक महान देश बन सकता था.’ ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि ‘बहुत देर होने से पहले समझौता कर लो’।
ईरान झुकने को नहीं तैयार:
इस हमले के बाद ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची सोशल मीडिया एक्स पर लिखा – इस तरह के हमले ईरान को झुकने पर मजबूर नहीं कर सकते। उन्होंने लिखा, ‘नागरिक ढांचे, जिसमें अधूरे पुल भी शामिल हैं, पर हमला करना ईरानियों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर नहीं करेगा। यह केवल एक बिखरे हुए दुश्मन की हार और नैतिक पतन को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका और इज़राइल के साथ युद्ध में नष्ट हो रहे नागरिक ढांचे को ‘और मजबूत तरीके से फिर से बनाया जाएगा।









