ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई की मौत के बाद ईरान और आक्रामक हो गया है. ईरान ने चारों तरफ तबाही मचाई हुई है. ईरान ने इजरायल और खाड़ी देशों पर अब तक का सबसे बड़ा और घातक मिसाइल हमला किया है. ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों ने इजरायल के साथ-साथ दुबई, अबू धाबी, दोहा और मनामा को भी थर्रा कर रख दिया है. इजरायल में 10 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, 50 से ज्यादा के घायल होने की खबर आ रही है.
ईरान ने इजरायल के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए एक साथ 37 मिसाइलें दागीं. इनमें से एक मिसाइल सीधे इजरायल के ‘बीत शेमेश’ (Beit Shemesh) शहर की एक बहुमंजिला इमारत से जा टकराई. इस भीषण हमले में अब तक कम से कम 10 इजरायली नागरिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई लोग मलबे में दबे हुए हैं.
ईरान की यह जवाबी कार्रवाई सिर्फ इजरायल तक सीमित नहीं रही. खाड़ी देशों में भी दहशत का माहौल है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के प्रमुख शहरों दुबई और अबू धाबी, कतर की राजधानी दोहा और बहरीन की राजधानी मनामा में भी कई नए धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं. ईरान ने अपने जवाबी हमले को तेज़ करते हुए पूरे क्षेत्र को युद्ध की आग में झोंक दिया है.










