लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में रविवार का दिन बेहद खास रहा.पिछले दिनों कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वाले वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने आखिरकार सपा का दामन थाम लिया।सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की उपस्थिति में अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली. सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पार्टी में उनका स्वागत किया. कहा कि उनके सपा के साथ आने से 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी. नसीमुद्दीन सिद्दीकी के साथ कई और कांग्रेसी नेता भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।
अखिलेश यादव ने खुले मन से सिद्दीकी का पार्टी में स्वागत किया. नसीमुद्दीन के अलावा राजकुमार पाल पूर्व विधायक सदर, पूर्व मंत्री अनीश अहमद खान उर्फ फूल बाबू , पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा और दानिश खान ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. सदस्यता कार्यक्रम के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि आज हमारे पास ‘फूल” आ गए हैं तो किसी का फूल मुरझाता जा रहा है. राजकुमार पाल के आने से हमारी पार्टी के पहले वाले पाल और मजबूत होने जा रहे हैं.
समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मेरे पुराने रिश्ते हैं. मैं किसी भी दल में रहा लेकिन अखिलेश यादव मेरे पसंदीदा नेता रहे हैं. उनकी बहुत इज्जत करता हूं. मैं अनुशासन प्रिय इंसान हूं. अब जो भी पार्टी अध्यक्ष कहेंगे, हम उनके बताए रास्ते पर चलेंगे. मेरे शामिल होने से पहले पार्टी में और भी कई सीनियर नेता हैं. मैं राजनीति में भले सीनियर हूं, लेकिन यहां पर मैं जूनियर की तरह काम करूंगा. हमें सीनियर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को मजबूत करना है. पार्टी मजबूत होगी तो हम मजबूत होंगे. हम मजबूत होंगे तो प्रदेश मजबूत होगा. प्रदेश मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा. हमें हरहाल में भाजपा को सत्ता से बाहर करना है और सपा की सरकार बनानी है.
वहीं, इस मौके पर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर हमला बोला. शंकराचार्य को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री योगी किस मुंह से सर्टिफिकेट मांग रहे हैं. भगवा पहनने पर उन्हें किसने सर्टिफिकेट दिया. कुछ लोग शंकराचार्य को भी अपमानित कर रहे. उनके साथ हम लोग हैं. शंकराचार्य शंका से परे होते हैं. इनकी भाषा ऐसी है, जब मुंह खोला तब बुरा बोला. सीएम का मतलब चीफ मिनिस्टर नहीं कुछ लोग कहते हैं करप्ट माउथ.










