राज्यसभा में PM मोदी का विपक्ष पर करारा हमला, कहा- मोहब्बत की दुकान खोलने वाले मोदी तेरी कब्र खुदेगी के नारे लगा रहे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र इन दिनों बहुत ही हंगामेदार माहौल में चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। पीएम के भाषण के बाद राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया। पीएम मोदी ने राज्यसभा में 1 घंटे 37 मिनट का भाषण दिया। पीएम मोदी ने अपने भाषण में देश के आर्थिक विकास, ट्रेड डील, नीति आयोग, से लेकर विपक्ष के आरोपों का भी चुन-चुन कर जवाब दिया।

इस दौरान विपक्षी पार्टियों के सांसद नारेबाजी करते रहे। और कुछ देर बाद राज्यसभा से वॉकआउट कर गए। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि जो थक गए वे बेचारे चले गए। 

राज्यसभा में पीएम मोदी ने कहा कि कोटि-कोटि माताओं-बहनों का जिस पर रक्षा कवच हो, नारे कितने ही लगा लो, कब्र तुम नहीं खोद पाओगे। ये देश की शक्ति, आशीर्वाद रूपी कवच, माताओं बहनों का जो हमारे प्रति भाव रहा है, जिस श्रद्धा-भाव से मैंने माताओं-बहनों की सेवा करने का काम किया है। जिनको कोई पूछता नहीं था, उसको मोदी पूजता है। और ये आशीर्वाद ही है जो इन्हें चुभता है। पीएम ने आगे कहा कि सत्ता हमारे लिए सुख का रास्ता नहीं है, सत्ता हमारे लिए सेवा का माध्यम है। मुद्रा योजना से लाखों-करोड़ों लोगों को मदद मिली। स्वरोजगार को बल दिया। कांग्रेस ने कभी स्टार्टअप कल्चर को प्रमोट ही नहीं किया। इनका तो हाल ऐसा है कि ये अपने घर के स्टार्ट को भी ठीक नहीं कर पा रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है- 2047 विकसित भारत। इस दौरान पीएम ने कहा कि चुनाव तो आएंगे, जाएंगे; मेरा देश अजर-अमर रहने वाला है। हम देश की युवा पीढ़ी के हाथ में समृद्ध हिंदुस्तान देने का सपना लेकर चले हैं।

राज्यसभा में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को इस बात की तकलीफ हो रही है कि पीएम मोदी यहां तक कैसे पहुंच गया। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें तो लगता है कि पीएम पद उनके परिवार की जागीर है। कोई दूसरा नहीं बैठना चाहिए। इसलिए वे मोदी की कब्र खोदो का नारा लेकर चल रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के राज परिवार को दशकों तक मौका दिया। कांग्रेस के किसी भी प्रधानमंत्री के भाषण में गरीबी हटाने की न आई हो, ऐसा नहीं हुआ, लेकिन क्या हुआ, इसका कुछ पता नहीं चला। पीएम मोदी ने देश के गरीबों को सलाम करते हुए कहा कि उन्होंने योजनाओं को समझा, अपनाया और सामर्थ्य बढ़ाने की कोशिश की। पीएम ने कहा कि 25 करोड़ गरीब परिवारों के भाइयों-बहनों ने गरीबी को हराया और गरीबी से बाहर निकले।

पीएम मोदी ने कहा कि हम विकसित भारत की नींव तैयार कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने के नारे लगवा रही है। जो लोग मोहब्बत की दुकान खोलने की बात करते हैं, वही ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगा रहे हैं। ये कौन सी मोहब्बत की दुकान है, जो देश के किसी भी नागरिक की कब्र खोदने की बात करती है? क्या यह संविधान का अपमान नहीं है?

उन्होंने आगे कहा कि 2002 से 2014 तक, पिछले 25 सालों में संसद का ऐसा कोई सत्र नहीं गया जिसमें इन लोगों ने मोदी को गालियाँ देने का काम न किया हो। किसी ने मुझसे स्वास्थ्य का राज पूछा था, तो मैंने कहा था कि रोजाना दो किलो गालियां खाता हूं। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी… यह कोई नारा नहीं है, बल्कि इनके भीतर छिपी नफरत है। हमने धारा 370 की दीवार गिरा दी, उत्तर-पूर्व में बम-बारूद की छाया खत्म करके विकास की राह अपनाई, पाकिस्तानी आतंकियों को घर में घुसकर जवाब दिया, ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदम उठाए, माओवादी आतंक से देश को मुक्ति दिलाने के लिए साहसपूर्ण प्रयास किए, इसलिए इनको मोदी की कब्र खोदनी है।

कांग्रेस ने सभी सिखों को गद्दार कहा:

राज्यसभा में पीएम मोदी ने विपक्षी पार्टियों को आड़े हाथ लिया। लोकसभा हंगामे पर उन्होंने कहा कि विपक्ष को संविधान शब्द बोलने का अधिकार नहीं है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि लोकसभा की घटना बहुत ही दर्दनाक। कल की घटना पर पीड़ा हुई। कांग्रेस ने सिख सांसद को गद्दार कहा। पीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस ने सभी सिखों को गद्दार कहा। इससे पता चलता है कि कांग्रेस के मन में सिखों के प्रति क्या भाव है। पीएम ने राहुल गांधी को कांग्रेस के युवराज बताते हुए कहा कि ऐसा लोग कांग्रेस को डुबो देंगे।

इस दौरान पीएम मोदी ट्रेडी डील की भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत विश्व भर के कई देशों के साथ दूरदर्शी व्यापार समझौते कर रहा है। हाल ही में हमने ऐसे नौ समझौतों को अंतिम रूप दिया है। इनमें से सबसे महत्वपूर्ण समझौता, जिसे अक्सर ‘सभी समझौतों की जननी’ कहा जाता है। यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के साथ हस्ताक्षरित किया गया था। पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज भारत कई देशों का एक विश्वसनीय भागीदार है और हम विश्व के कल्याण के लिए अपनी भूमिका निभा रहे हैं। आज पूरी दुनिया ग्लोबल साउथ की बात करती है, लेकिन उस चर्चा के मुख्य पात्र के रूप में आज भारत वैश्विक मंचों पर ग्लोबल साउथ की एक सशक्त आवाज बनकर उभरा है।

पीएम ने आगे कहा कि अब हमें न रुकना है, न पीछे मुड़कर देखना है। हमें तेज गति से चलना है और लक्ष्य प्राप्त करके ही आगे बढ़ना है। उसी दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial