ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। ईरान में हाल ही में हुए देशव्यापी सरकार विरोधी प्रदर्शनों में हजारों लोगों की मौत हुई है। ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ईरान को धमकी दे रहे हैं।
वहीं अब ईरान ने भी अमेरिका को बड़ी धमकी दे दी है। ईरान के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ने कहा है कि अगर अमेरिका ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के खिलाफ कोई कार्रवाई की तो वह इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।
अबुलफजल शेखरची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अयातुल्ला अली खामेनेई के खिलाफ किसी भी तरह की कोई कार्रवाई करने के खिलाफ चेतावनी दी है। ईरानी प्रवक्ता ने कहा-“ट्रंप जानते हैं कि अगर हमारे नेता की ओर कोई भी हाथ बढ़ाया गया, तो हम न केवल उस हाथ को काट देंगे बल्कि उनकी दुनिया को भी आग लगा देंगे।”
ट्रंप ने कहा था कि खामेनेई को अपने देश को ठीक से चलाना चाहिए और लोगों की हत्या करना बंद करना चाहिए। इससे पहले ट्रंप ने खामेनेई के करीब 40 साल के शासन को समाप्त करने का आह्वान किया था। ट्रंप ने कहा था कि ईरान में अब नए लीडरशिप की तलाश करने का समय आ चुका है।










