उत्तर प्रदेश के नोएडा में पानी में डूबकर इंजीनियर की मौत के मामले पर हंगामा मचा हुआ है। शहर के सेक्टर-150 में निर्माणाधीन बेसमेंट में भरे पानी में डूबकर इंजीनियर युवराज की मौत हो गई थी। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन लगातार एक्शन में है और कार्रवाई कर रहा है। इस बीच अब कांग्रेस पार्टी के सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। राहुल गांधी ने कहा है कि देश में कोई जवाबदेही नहीं है।
राहुल गांधी ने कहा कि “सड़कें जान लेती हैं, पुल जान लेते हैं, आग जान लेती है, पानी जान लेता है, प्रदूषण जान लेता है, भ्रष्टाचार जान लेता है, लापरवाही जान लेती है। भारत में शहरों का पतन पैसे, टेक्नोलॉजी या समाधानों की कमी के कारण नहीं है। यह जवाबदेही की कमी के कारण है। कोई जवाबदेही नहीं है।”
उधर सोसायटी के लोगों का कहना है कि उन्होंने इस गड्ढे के बारे में नोएडा अथॉरिटी के अफसरों से कई बार शिकायत की लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ। वही अधिकारी एक दूसरे पर ज़िम्मेदारी डाल के पल्ला झाड़ रहे हैं।










