समाजवादी पार्टी के दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के परिवार में बड़ी फूट, बेटे प्रतीक यादव ने पत्नी अपर्णा यादव को तलाक देने का किया ऐलान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के परिवार में बड़ी फूट सामने आई है। मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी अपर्णा यादव को तलाक देने का ऐलान कर दिया है।  प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। वह समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई हैं।

अपर्णा यादव ने समाजवादी पार्टी की राजनीति से खुद को अलग करके बीजेपी ज्वाइन की थी और वर्तमान में वह बीजेपी की नेता हैं।

प्रतीक यादव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपर्णा यादव की तस्वीर पोस्ट करके लिखा, “मैं जल्द से जल्द इस मतलबी औरत को तलाक देने जा रहा हूं। उसने मेरे पारिवारिक रिश्ते खराब कर दिए। वह बस मशहूर और प्रभावशाली बनना चाहती है। अभी मेरी मानसिक हालत बहुत खराब है और उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। क्योंकि उसे सिर्फ अपनी ही फिक्र है। मैंने इतनी बुरी आत्मा कभी नहीं देखी और मेरा दुर्भाग्य था कि मैंने उससे शादी की।

प्रतीक यादव ने आरोप लगाया है कि अपर्णा ने उनके पारिवारिक रिश्ते खराब किए हैं। उन्होंने अपर्णा पर परिवार को तोड़ने का आरोप लगाया है और उन्हें स्वार्थी और बुरी आत्मा बताया है।

अपर्णा यादव ने साल 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लखनऊ कैंट सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद साल 2022 में अपर्णा यादव ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। उन्होंने कहा था कि वह हमेशा से मोदी जी से प्रभावित रही हैं। अपर्णा के भाजपा में जाने पर अखिलेश ने कहा था कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) ने उन्हें समझाने की बहुत कोशिश की थी। बता दें कि वर्तमान में अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के उपाध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल रही हैं।

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial