इंदौर : इंदौर के भागीरथपुरा में जहरीला पानी पीने से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है. शनिवार को प्रभावित इलाके भागीरथपुरा में राहुल गांधी पहुंचे. पीड़ितों से मिलने के बाद राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा “ये कैसी स्मार्ट सिटी है, जहां लोगों को पीने के लिए साफ पानी तक नहीं मिलता. लोग पानी पीकर मर रहे हैं.”
इसके अलावा राहुल गांधी नेअस्पताल में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात की और उनके इलाज के हालात जाने. इसके बाद वह सीधे इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में पहुंचे, जहां पुलिस की घेराबंदी के बीच उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान कई मृतकों के परिजनों ने राहुल गांधी को रोते हुए अपना हाल बताया. राहुल गांधी ने स्थानीय लोगों और पीड़ितों को सांत्वना देते हुए उनके हक की लड़ाई लड़ने का आश्वासन दिया.
राहुल गांधी ने कहा “यहां सारे के सारे लोग दूषित पानी के बाद प्रभावित हुए हैं, क्योंकि इंदौर में साफ पानी नहीं मिल सकता और पानी पीकर लोग मरते हैं. स्मार्ट सिटी का अर्बन मॉडल यह सिर्फ इंदौर में नहीं है, यह अलग-अलग शहरों में हो रहा है. साफ पानी देना सरकार की जिम्मेदारी है. यहां की सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रही. यहां पर जिन लोगों ने ये कांड करवाया है, उनमें से कोई तो जिम्मेदार होगा, किसी को तो सरकार में यह जिम्मेदारी लेना चाहिए.”










