नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28वें कॉमनवेल्थ स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन किया। इस कॉन्फ्रेंस में 42 देशों के 61 स्पीकर्स और ऑफिसर्स शामिल हैं। संविधान सदन में आयोजित इस समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि विविधता हमारे लोकतंत्र की ताकत है। दुनिया कहती थी कि भारत में लोकतंत्र टिक नहीं पाएगा, भारत ने दुनिया के सामने खुद को साबित किया। लोक कल्याण की भावना हमारे लिए सबसे अहम है। आज भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।
संविधान सदन में CSPOC के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की फास्टेस्ट ग्रोइंग मेजर इकोनॉमी है। आज भारत में यूपीआई दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल पेमेंट सिस्टम है। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन प्रोड्यूसर है। आज भारत दुनिया का नंबर-2 स्टील प्रोड्यूसर है। आज भारत में दुनिया का तीसरा बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा एविएशन मार्केट है। आज भारत में दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। आज भारत में दुनिया का तीसरा बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र का अर्थ है अंतिम छोर तक सेवाएं पहुंचाना और सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण की भावना से काम कर रही है। नई दिल्ली के संविधान सदन में राष्ट्रमंडल देशों की संसद के अध्यक्ष और पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि देश ने विविधता को लोकतंत्र की ताकत में बदल दिया है। मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने यह साबित कर दिया है कि लोकतांत्रिक संस्थाएं और प्रक्रियाएं लोकतंत्र को स्थिरता, गति तथा व्यापकता प्रदान करती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में जनता सर्वोपरि है और उनकी आकांक्षाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि देश ने विविधता को अपनी ताकत बनाया और सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा। मोदी ने कहा कि आज देश में यूपीआई दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल भुगतान प्रणाली है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा इस्पात उत्पादक देश है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चौथा अवसर है जब राष्ट्रमंडल देशों की संसद के अध्यक्ष और पीठासीन अधिकारियों का सम्मेलन भारत में आयोजित किया जा रहा है।










