लखनऊ: बसपा मुख्यालय पर गुरुवार को पार्टी सुप्रीमो मायावती ने अपना 70वां जन्मदिन मनाया. उनके साथ में भतीजे आकाश और भाई आनंद भी मौजूद रहे. आकाश ने पैर छूकर अपनी बुआ का आशीर्वाद लिया. इस दौरान मायावती ने कहा कि 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव बसपा अपने दम पर लड़ेगी. किसी के साथ गठबंधन नहीं होगा.
मायावती ने सभी को नए साल की बधाई दी. कहा कि आज 15 जनवरी को पूरे देश में बीएसपी के लोग मेरा जन्मदिन पार्टी के मूवमेंट के हित में जनकल्याणकारी दिवस के रूप में बहुत ही सादगी के साथ मनाते हैं. बीएसपी की 4 बार सरकार में जो जनहित की योजनाएं शुरू की गई थीं, उन्हें लोगों को बताते हैं. बीजेपी और अन्य विरोधी पार्टियों की जन विरोधी नीतियों को भी जनता को बताते हैं. बहुजन समाज पार्टी की जनहित की योजनाओं को केंद्र और राज्य सरकार नाम और रूप बदलकर चला रही हैं, लेकिन उस तरह का जनहित में काम नहीं कर पा रही हैं.
मायावती ने कहा कि मरते दम तक मैं अपने लोगों के लिए संघर्ष करती रहूंगी. हमारी सरकार भी जरूर बनेगी, बशर्ते ईवीएम हमारे लिए मुसीबत न बने.
मायावती ने कहा कि किसी भी पार्टी से बसपा गठबंधन नहीं करेगी. बसपा को हमेशा गठबंधन से नुकसान ही हुआ है. दलित वोट तो ट्रांसफर हो जाता है लेकिन अन्य पार्टियों के लोग बसपा को वोट नहीं करते हैं.2027 में यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव अकेले दम पर बीएसपी लड़ेगी, इसमें किसी को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए.










