कर्नाटक: बीदर जिले में सोमवार को एक सरकारी बैठक के दौरान बीजेपी विधायक और कांग्रेस MLC के बीच जमकर मारपीट हुई. जिले के हुमनाबाद से भाजपा विधायक सिद्दू पाटिल और कांग्रेस MLC भीमराव पाटिल सोमवार को बीदर शहर के जिला पंचायत हॉल में कर्नाटक डेवलपमेंट प्रोग्राम (KDP) की जिला स्तरीय तिमाही मीटिंग में शामिल हुए. बैठक में कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे भी मौजूद थे. इस दौरान भाजपा विधायक और कांग्रेस एमएलसी एक-दूसरे से उलझ गए और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई.
बताया गया है कि जंगल की जमीन पर कब्जे को लेकर एक-दूसरे पर गाली-गलौज करते हुए दोनों नेताओं के बीच हाथापाई हो गई. बैठक में मौजूद पुलिसकर्मियों और सरकारी अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर हालात को काबू में किया. बाद में, मंत्री खंड्रे ने बीच-बचाव किया और सिद्दू और भीमराव दोनों को शांत कराया.
दोनों नेताओं के बीच मारपीट का एक वीडियो सामने आया है. जिसमें दोनों एक-दूसरे पर चिल्लाते और उंगली उठाते दिख रहे हैं. बात तब बिगड़ गई जब भीमराव अपनी कुर्सी से उठकर सिद्दू की तरफ बढ़े और उन्हें मारने के लिए हाथ उठाया. इसके बाद कमरे में मौजूद एक पुलिसकर्मी और दूसरे नेताओं ने उन्हें रोका.
इस घटना के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सिद्दू पाटिल ने कहा कि पिछली केडीपी मीटिंग में उन्होंने बीदर के चिकपेट इलाके में 48 एकड़ जमीन पर कब्जे का मुद्दा उठाया था. उन्होंने कहा, “आज, जिला प्रशासन ने मुझे जो जवाब दिया, वह ठीक नहीं था. मैंने यह मामला फिर से उठाया.”
इस घटना को ‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए, मंत्री खंड्रे ने सभी पार्टियों से शांति बनाए रखने की अपील की और जनप्रतिनिधियों से अपने मतदाताओं के लिए रोल मॉडल बनने का आग्रह किया.










