‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ का ऐलान, 8 जनवरी से कांग्रेस शुरू करेगी देशव्यापी आंदोलन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: विकसित भारत- रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) अधिनियम लागू होने के बाद कांग्रेस ने देश भर में “मनरेगा बचाओ संग्राम” नाम से आंदोलन का ऐलान किया है. महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA) को बचाने के लिए यह आंदोलन तीन-चरणों में किया जाएगा.

नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस कार्य समितिl ने MGNREGA पर भविष्य की रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है और “मनरेगा बचाओ संग्राम” नाम के एक सुव्यवस्थित आंदोलन को मंजूरी दी है. उन्होंने कहा, “पहला चरण 8 जनवरी को पार्टी के प्रदेश कार्यालयों (PCC) में महासचिवों और प्रभारियों की मौजूदगी में पूरे दिन की तैयारी मीटिंग के साथ शुरू होगा. 10 जनवरी को जिला कांग्रेस समितियों (DCC) के ऑफिस में जिला-स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसके बाद 11 जनवरी को जिला मुख्यालयों में महात्मा गांधी और बीआर अंबेडकर की मूर्तियों के सामने एक दिन का उपवास रखा जाएगा.”

पार्टी के मुताबिक, आंदोलन का दूसरा चरण 12 जनवरी से 30 जनवरी तक चलेगा. इस दौरान, सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत-स्तरीय चौपालें लगाई जाएंगी. साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष का एक पत्र भी बांटा जाएगा. वेणुगोपाल ने कहा, “विधानसभा स्तर पर नुक्कड़ सभाएं और पर्चा बांटने की भी योजना है. 30 जनवरी को शहीद दिवस पर, पार्टी मनरेगा मजदूरों के साथ वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरने देगी.”

6 फरवरी तक डीएम कार्यलयों पर धरना देंगे कांग्रेसी
उन्होंने आगे कहा, “तीसरा चरण 31 जनवरी को शुरू होगा, जिसमें 6 फरवरी तक डीसी/डीएम कार्यलयों पर जिला-स्तरीय मनरेगा बचाओ धरने दिए जाएंगे. इसके बाद 7 फरवरी से 15 फरवरी तक विधानसभा भवनों का राज्य-स्तरीय घेराव किया जाएगा और 16 से 25 फरवरी के बीच देश भर में कांग्रेस की चार रैलियां होंगी.”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह आंदोलन 8 जनवरी को शुरू होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मनरेगा को सेंट्रलाइज करने की कोशिश कर रही है. रमेश ने कहा, “सरकार मनमानी कर रही है; हम नई रोजगार योजना को कोर्ट में चुनौती देंगे.” उन्होंने कहा कि यह आंदोलन मनरेगा को बचाने की लड़ाई होगी.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial