शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बिगड़े हालात, बांग्लादेश में फिर फैली हिंसा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ढाका : बांग्लादेश में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. पिछले साल शेख हसीना के खिलाफ हुए विद्रोह में शामिल एक प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत हो गई. उसके बाद पूरे देश में हिंसा फैल गई है. यह हिंसा इसलिए चिंता की वजह है, क्योंकि फरवरी महीने में बांग्लादेश में चुनाव होने वाले हैं और हादी भी एक उम्मीदवार था. हादी की मौत सिंगापुर के एक अस्पताल में हुई. छह दिन पहले किसी ने हादी को गोली मार दी थी. हादी इंकलाब मंच का नेता था.

हादी की मौत से उसके समर्थकों में रोष है. उन्होंने अंतरिम सरकार पर भी निशाना साधा है. भीड़ ने चटगांव स्थित भारतीय सहायक उच्चायुक्त आवास पर भी हमला बोल दिया था. हालांकि इसमें किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है. हादी के समर्थकों ने बांग्ला समाचारपत्र प्रथम आलो और पास स्थित डेली स्टार के कार्यालयों पर भी हमले कर दिए. वहां पर पत्रकारों को भी डाराया और धमकाया गया.

एपी न्यूज एजेंसी के अनुसार यह साफ नहीं है कि प्रदर्शनकारियों ने उन अखबारों पर हमला क्यों किया, जिनके एडिटर देश के अंतरिम नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस से करीबी माने जाते हैं. बांग्लादेश के एक प्रमुख नेता सरजिस आलम ने कहा, “जब तक हादी पर हमला करने वाले को ढूंढ नहीं लिया जाता, तब तक अंतरिम सरकार को बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग बंद कर देना होगा. अभी नहीं तो कभी नहीं. हम युद्ध की स्थिति में हैं.”

बांग्लादेश के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने संदिग्धों की पहचान कर ली है और शूटर संभवत: दूसरा देश भाग गया है. इन बयानों के बाद भारत के साथ एक नया राजनयिक विवाद शुरू हो गया और इस सप्ताह नई दिल्ली ने बांग्लादेश के राजदूत को बुलाकर उनके बयानों को अनुचित बताया. बांग्लादेश ने भी ढाका में भारतीय राजदूत को बुलाया और स्पष्टीकरण मांगा.

हादी की मौत की खबर के बाद, ढाका यूनिवर्सिटी कैंपस के पास शाहबाग स्क्वायर पर कई लोग इकट्ठा हुए. उन्होंने वहां पर “अल्लाहु अकबर” जैसे नारे लगाए. देश के दूसरे हिस्सों में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन हुए. इस हिंसा में गुरुवार रात एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास को पीट-पीटकर मार डाला गया. भाजपा ने इस संबंध में एक ट्वीट भी किया है. जब से शेख हसीना की सरकार गई है, तब से वहां के मंदिरों में तोड़फोड़, लूटपाट और हमले बढ़ गए हैं.

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial