नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण को गंभीरता से लेते हुए, ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का चौथा चरण लागू कर दिया गया है. प्रदूषण के हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं. एयर क्वालिटी इंडेक्स का खतरनाक निशान को पार कर गया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक रविवार, 14 दिसंबर 2025 को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 455, गाजियाबाद का 443 नोएडा का 448 और ग्रेटर नोएडा का 472 दर्ज किया गया है.
फिलहाल, दिल्ली एनसीआर पूरी तरह से अब गैस चैंबर में तब्दील हो चुका है. लगातार बढ़ रहे एयर क्वालिटी इंडेक्स को देखते हुए शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का तीसरा चरण लागू किया गया था. प्रदूषण के हालात और खराब होने के कारण अब CAQM ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का चौथा चरण भी दिल्ली NCR में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है.
ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के चौथे चरण के तहत दिल्ली एनसीआर में अब कई तरह के प्रतिबंध लागू होंगे. दिल्ली में BS-IV बड़े व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. हालांकि, यह प्रतिबंध एसेंशियल सर्विसेज उपलब्ध कराने वाले वाहनों पर लागू नहीं होगा. नियमों के मुताबिक दिल्ली में BS6 डीजल ट्रक, इलेक्ट्रिक, सीएनजी और लंग से संचालित व्यावसायिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति रहेगी. एयर क्वालिटी इंडेक्स 450 के पार पहुंचने पर ग्रेड रिस्पांस एक्शन प्लान का चौथा चरण लागू किया जाता है.










