पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दोनों चरणों के मतदान के बाद एग्जिट पोल में मिले रुझान से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के नेता गदगद हैं. सीएम नीतीश कुमार भी बहुत खुश नज़र आ रहे हैं और पूजा-पाठ में लगे हैं. उन्होंने पहले महावीर मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की. उसके बाद पटना साहिब गुरुद्वारा भी पहुंचे, जहां मथ्था टेका और फिर उसके बाद पटना हाईकोर्ट मजार के पास जाकर चादरपोशी भी की.
हालांकि इस दौरान नीतीश कुमार ने मीडिया से बात नहीं की लेकिन उनके चेहरे की खुशी बता रही है, वह चुनाव जीतने को लेकर आश्वस्त हैं. मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी भी थे.
अधिकांश एग्जिट पोल में नीतीश कुमार की सरकार की फिर से वापसी का रुझान दिखाया जा रहा है. इसके कारण ही नीतीश कुमार गदगद हैं. जेडीयू और बीजेपी के नेता जश्न मनाने की तैयारी भी कर रहे हैं. 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आएगा.
हालांकि विपक्ष ने एग्जिट पोल को खारिज कर दिया है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसे भ्रामक बताते हुए कहा कि पीएमओ से जो तय होकर आता है और अमित शाह अपने कलम से जो लिखकर देते हैं, वही मीडिया वाले बताते और बोलते हैं. उन्होंने कहा कि 2020 की तुलना इस बार के मतदान से की जाए तो 72 लाख लोगों ने इस बार ज्यादा मतदान किया है, जो सरकार बदलना चाहते हैं.








