श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में राज्यसभा की चार सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों का ऐलान हो गया है. चार में से तीन सीटों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है. वहीं चौथी सीट भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जीती है.
विजयी उम्मीदवारों में नेशनल कॉन्फ्रेंस के चौधरी मोहम्मद रमजान, सज्जाद किचलू और गुरविंदर सिंह ओबेरॉय शामिल हैं, जबकि भाजपा के सतपाल शर्मा विजयी घोषित किए गए. सतपाल शर्मा को 32 वोट हासिल हुए जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस के इमरान निसार को 22 वोट मिले.
नेशनल कॉन्फ्रेंस को 3 और बीजेपी को एक सीट पर जीत मिली
उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा से वरिष्ठ नेता, 74 वर्षीय चौधरी मोहम्मद रमजान, 57 वोट हासिल करके विजयी हुए, जबकि भाजपा उम्मीदवार अली मोहम्मद मीर को 28 वोट मिले. पेशे से वकील, रमजान ने 1973 में पुणे विश्वविद्यालय से बीएससी और एलएलबी की डिग्री हासिल की है.









