पटना: लोकसभा चुनाव 2024 में शाहाबाद इलाके में एनडीए का खेल बिगाड़ने वाले भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह एक फिर से बीजेपी में लौट आए हैं. पार्टी प्रभारी विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की है. हालांकि खुद भोजपुरी स्टार ने अबतक सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है.
उपेंद्र कुशवाहा से मिले पवन: बीजेपी के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े की मौजूदगी में उन्होंने राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद तावड़े ने कहा कि पवन सिंह की बीजेपी में वापसी हो गई है. वह पहले भी हमारे साथ थे और आगे भी हमारे साथ रहेंगे.
लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव: पवन सिंह के बीजेपी में शामिल होने के साथ ही इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि वह बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ सकते हैं. माना जा रहा है कि वह भोजपुर या रोहतास की किसी सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं.
पवन सिंह की बीजेपी में वापसी: बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पवन सिंह बीजेपी में वापस आ गए हैं. पिछले साल लोकसभा चुनाव में उन्होंने बगावत कर निर्दलीय ही काराकाट सीट से चुनाव लड़ा था. जिस वजह से उनको पार्टी से निकाल दिया गया था लेकिन अब उनकी वापसी से शाहाबाद इलाके में पार्टी और गठबंधन को फायदा हो सकता है.










