इंफाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मणिपुर के इंफाल में लगभग 1,200 करोड़ रुपये की 17 परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए उन्होने कहा, “इक्कीसवीं सदी का यह समय पूर्वोत्तर का है. इसलिए मणिपुर के विकास को भारत सरकार ने निरंतर प्राथमिकता दी है. इसी का परिणाम है कि मणिपुर की विकास दर लगातार बढ़ रही है. 2014 से पहले मणिपुर की विकास दर एक प्रतिशत से भी कम थी. अब मणिपुर पहले की तुलना में कई गुना तेजी से प्रगति कर रहा है.
उन्होंने कहा कि मणिपुर में बुनियादी ढांचे के विकास का एक नया युग शुरू हुआ है. मणिपुर में सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की गति भी कई गुना बढ़ गई है. यहां हर गांव तक बिजली पहुंचाने के लिए भी तेज गति से काम हो रहा है.
पीएम ने कहा, इंफाल अवसरों का शहर है, मैं इसे उन स्थानों में से एक मानता हूं जो भारत के विकास को गति प्रदान करेंगे. उन्होंने कहा कि मणिपुर में किसी भी तरह की हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है. मणिपुर को शांति और विकास के पथ पर ले जाना होगा.
प्रधानमंत्री ने कहा, “मणिपुर के अनेक सपूत देश के अलग-अलग हिस्सों में भारत माता की रक्षा में जुटे हैं. हाल ही में दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की ताकत देखी है. हमारे जवानों ने ऐसा कहर बरपाया कि पाकिस्तानी सेना घबरा गई. भारत की इस सफलता में मणिपुर के अनेक वीर बेटे-बेटियों का पराक्रम भी शामिल है. इसी तरह, मैं हमारे वीर शहीद दीपक चिंगाखम के पराक्रम को भी नमन करता हूं. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनके बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा. मैंने कहा था कि मणिपुरी संस्कृति के बिना भारतीय संस्कृति अधूरी है. और मणिपुर के खिलाड़ियों के बिना भारत के खेल भी अधूरे हैं. मणिपुर का युवा, तिरंगे की शान के लिए तन-मन-धन से समर्पित रहने वाला युवा है.”
प्रधानमंत्री मोदी ने इंफाल के कांगला किला परिसर में आयोजित परियोजनाओं का उद्घाटन किया. यह कार्यक्रम मई 2023 में मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा भड़कने के बाद राज्य की उनकी पहली यात्रा का हिस्सा था. प्रधानमंत्री ने मंत्रिपुखरी में 101 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नये मणिपुर पुलिस मुख्यालय और 538 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए सिविल सचिवालय का उद्घाटन किया. उन्होंने नई दिल्ली और कोलकाता में नवनिर्मित मणिपुर भवन तथा राज्य की राजधानी में इंफाल नदी के पश्चिमी मोर्चे के विकास चरण-2 एवं मॉल रोड चरण-2 का भी उद्घाटन किया.
पीएम ने जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें चार जगहों पर ‘इमा बाजार’ (माताओं के लिए बाजार) की स्थापना, इंफाल वेस्ट जिले में लीशांग हिडेन सांस्कृतिक एवं विरासत पार्क का विकास, इंफाल वेस्ट, थौबल तथा काकचिंग जिलों में पांच सरकारी कॉलेज के बुनियादी ढांचे का विकास और नोनी में इरंग नदी पर इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग-37 को जोड़ने वाला चार लेन पुल शामिल है. प्रधानमंत्री ने चूड़ाचांदपुर जिले के सैकोट सीएचसी में स्टाफ क्वार्टर के साथ संस्थागत भवन का भी उद्घाटन किया.











