मणिपुर हिंसा के 862 दिनों बाद पीएम मोदी का दौरा आज, मिजोरम और असम में भी जाएंगे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को असम, मणिपुर और मिजोरम के दो दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. जानकारी के मुताबिक मिजोरम में 2023 में भड़की हिंसा के बाद पीएम मोदी का 862 दिनों बाद यह पहला दौरा है. बता दें, विपक्ष लगातार पीएम मोदी पर इसी बात को लेकर हमला बोल रहा था कि वे मणिपुर क्यों नहीं जा रहे हैं.

पीएम मोदी के दौरे को लेकर अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सबसे पहले मिजोरम की राजधानी में 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी-सैरांग रेलवे परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जिससे आइजोल पूर्वोत्तर में गुवाहाटी, अगरतला और ईटानगर के बाद रेल से जुड़ने वाला चौथा राजधानी शहर बन जाएगा.

प्रधानमंत्री मोदी कुछ केंद्रीय मंत्रियों के साथ आइजोल को दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता से जोड़ने वाली तीन जोड़ी नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे. वे जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे. ये तीन ट्रेनें हैं: सैरांग-आनंद विहार (दिल्ली) राजधानी एक्सप्रेस (साप्ताहिक), कोलकाता-सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस (त्रि-साप्ताहिक) और गुवाहाटी-सैरांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस (दैनिक). वह चुराचांदपुर और इंफाल में जनसभाओं को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी इन दोनों जगहों पर 8,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का अनावरण करेंगे. वह चुराचांदपुर के पीस ग्राउंड से 7,300 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जहां कुकी-जो जनजातियां बहुसंख्यक हैं.

वहीं, मणिपुर के मुख्य सचिव ने पीएम मोदी के दौरे पर कहा कि वे पहले चुराचांदपुर जाएंगे और वहां वे कुछ आंतरिक रूप विस्थापितों से भी मुलाकात करेंगे. इससे पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी के दौरे पर कहा कि मणिपुर काफी समय से संकट में है और अब जा रहे हैं. यह कोई बड़ी बात नहीं हैं. आज के समय में सबसे बड़ा मुद्दा सिर्फ और सिर्फ वोट चोरी का है. उन्होंने वोट चोरी की है. जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी इसके बाद बिहार और पश्चिम बंगाल का भी दौरा करेंगे.
मणिपुर के बाद प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर गुवाहाटी जाएंगे. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पहले कहा था कि प्रधानमंत्री 13 से 14 सितंबर तक असम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. पीएम मोदी का यह दौरा सांस्कृतिक प्रतीक और भारत रत्न भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह पर केंद्रित है और वह 13 सितंबर को गुवाहाटी में आधिकारिक समारोह का उद्घाटन भी करेंगे. रविवार (14 सितंबर) को पीएम असम के विभिन्न स्थानों पर 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का अनावरण करेंगे.
News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial