नई दिल्ली: भारतीय स्मार्टफोन बाजार में प्रतिस्पर्धा और भी तेज होने जा रही है. चीनी स्मार्टफोन कंपनी Honor के ब्रांड पार्टनर PSAV Global ने सोमवार को घोषणा की कि वह नवंबर 2025 से भारत में Honor स्मार्टफोनों का स्थानीय उत्पादन शुरू करेगा. कंपनी का कहना है कि इस कदम से न केवल ‘मेक इन इंडिया’ पहल को मजबूती मिलेगी बल्कि भारतीय उपभोक्ताओं को बेहतर और समय पर वैश्विक मॉडल्स की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी.
पहले साल का बड़ा लक्ष्य
PSAV Global के को-फाउंडर और सीईओ सी.पी. खंडेलवाल ने जानकारी दी कि कंपनी का लक्ष्य है कि ‘Made in India’ Honor स्मार्टफोन के जरिए पहले साल में 1 प्रतिशत मार्केट शेयर हासिल किया जाए. यह हिस्सा लगभग ₹2,500 करोड़ रुपये के राजस्व के बराबर होगा. उन्होंने कहा कि नवंबर 2025 से नवंबर 2026 के बीच यह लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा.
वैश्विक प्रतिस्पर्धा में Honor
Counterpoint Research की 2025 की पहली तिमाही की रिपोर्ट के अनुसार, Honor दुनिया के तेजी से बढ़ते स्मार्टफोन ब्रांड्स में से एक है. रिपोर्ट में कहा गया कि चीन में Huawei सबसे बड़ा OEM रहा, जबकि Honor और Motorola ने कई बाजारों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की. ऐसे में भारत में Honor का स्थानीय उत्पादन उसकी वैश्विक रणनीति को और मजबूत करेगा.
भारतीय बाजार में Honor की तैयारी
PSAV Global, Honor Tech का भारत में आधिकारिक ब्रांड पार्टनर है. कंपनी पहले Huawei का हिस्सा थी. खंडेलवाल ने बताया कि शुरुआती देरी के बाद अब ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) से चार मॉडल्स को मंजूरी मिल चुकी है.
कंपनी पहले ही Honor X9c और Honor X7c भारत में लॉन्च कर चुकी है. आने वाले महीनों में Honor V3 और Honor Magic 7 Pro भी पेश किए जाएंगे. खंडेलवाल ने कहा, “जैसे ही भारत में मैन्युफैक्चरिंग शुरू होगी, हम अंतरराष्ट्रीय टाइमलाइन के साथ भारत में भी सभी ग्लोबल मॉडल्स लॉन्च करेंगे.”
देरी की वजह
PSAV का मूल लक्ष्य था कि भारत में उत्पादन 2024 से ही शुरू हो जाए. लेकिन सरकारी अनुमोदन (BIS क्लियरेंस) में देरी और Honor मुख्यालय में प्रबंधन में बदलाव की वजह से यह योजना आगे बढ़ गई. अब कंपनी का पूरा ध्यान भारतीय उपभोक्ताओं को समय पर नए मॉडल उपलब्ध कराने पर है.










