मेरठ: उत्तर प्रदेश के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में आज बुधवार को कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया। अदालत ने दोनों दोषियों मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाई है।
करीब 13 महीने तक चली सुनवाई, 127 से ज्यादा तारीखों और 22 से अधिक गवाहों के बयान के बाद आज बड़ा फैसला आया है।
जिला अदालत ने 30 सितंबर 2026 को दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया था। और आज जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत ने दोनों को फांसी की सजा सुनाई है।
सजा सुनाए जाने के दौरान दोनों दोषियों को मेरठ जिला जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट की कार्यवाही से जोड़ा गया था। सजा का ऐलान सुनते ही मुस्कान और साहिल फूट-फूटकर रोने लगे।
वहीं मृतक सौरभ राजपूत की मां और पूरा परिवार जो लंबे समय से दोषियों के लिए फांसी की मांग कर रहा था, उन्होंने कोर्ट के इस फैसले पर संतोष का इज़हार किया है और न्याय के लिए प्रशासन व गवाहों का आभार जताया है।
बता दें कि मार्च 2025 में सौरभ राजपूत की पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। वारदात को इतनी बेरहमी से अंजाम दिया गया था कि हत्या के बाद शव को 5 टुकड़ों में काटा गया और सबूत मिटाने के लिए उसे एक नीले प्लास्टिक ड्रम में भरकर सीमेंट व कंक्रीट से सील कर दिया गया था।









