मेरठ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मेरठ में आयोजित ‘शक्ति केंद्र सम्मेलन’ के दौरान समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के मिशन की शुरुआत करते हुए उन्होंने बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर तंज कसा और उनके ‘PDA’ फॉर्मूले की आलोचना की।
नितिन नवीन ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कुछ लोग सरकारी बंगलों से नल की टोटी भी चुरा लेते थे। आज वही लोग सूबे के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का सपना दिखा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन्होंने आज तक केवल अपने परिवार का भविष्य देखा और उसे संवारने की चिंता की, वे उत्तर प्रदेश के युवाओं की परवाह कभी नहीं कर सकते।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने UP को गुंडाराज औ परिवारवाद से निकालकर ‘उत्तम प्रदेश’ बनाया है। उन्होंने कहा कि पहले जहां जिलों की पहचान माफियाओं से होती थी, आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ से पहचान बन रही है। सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की ‘बांटो और राज करो’ की राजनीति अब यूपी में नहीं चलेगी।









