पीएम मोदी की अपील पर कांग्रेस ने कसा तंज, कहा-‘खुद विदेश में और लोगों को विदेश यात्रा न करने की सलाह’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी की उस अपील पर कांग्रेस पार्टी ने सवाल उठाए हैं, जिसमें उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जब तक बेहद जरूरी न हो वे विदेश घूमने न जाएं, विदेशों में शादियों का आयोजन न करें और सोना भी न खरीदे। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि पीएम खुद विदेश में हैं और लोगों को विदेश यात्रा न करने की सलाह दे रहे हैं।

भारत की जीडीपी में पहली तिमाही में 7.8 फीसदी की बढ़ोतरी पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, “एक तरफ वे कहते हैं, एक तिमाही की जीडीपी देखो और तारीफ करो। दूसरी तरफ़ वे कहते हैं सोना मत खरीदो, शानदार शादियां मत करो। वे खुद विदेश में रहते हैं, जबकि देश के नागरिकों से कहते हैं कि विदेश यात्रा न करें और पैसे बचाएं।”

जीडीपी के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए पवन खेड़ा नेता ने कहा, “80 फीसदी आबादी मुफ्त राशन पर निर्भर है, फिर भी तारीफ करते रहो… इस 7.8 फीसदी के आंकड़े से देश के सबसे बड़े सेक्टर, यानी खेती-किसानी को क्या फायदा हो रहा है? युवा देश की सबसे बड़ी आबादी हैं उन्हें क्या फायदा मिल रहा है? क्या उनकी समस्याएं हल हो गई हैं? क्या दूध की कीमतें कम हुई हैं? क्या अब मुफ्त राशन की जरूरत नहीं है? क्या आपने रोजगार की उस स्थिति को ठीक किया है जो 45 साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई थी? क्या मैन्युफैक्चरिंग पटरी पर लौट आई है? MSME सेक्टर का क्या हुआ? असंगठित सेक्टर का क्या हुआ? अगर आपके पास सकारात्मक नतीजों वाले जवाब हैं, तो हम भी तारीफ करेंगे।”

बता दें कि पीएम मोदी ने जीडीपी के आंकड़ों को लेकर कहा कि हमें इस गति को बनाए रखना है, बढ़ाना भी है और इसके लिए आत्मनिर्भर भारत बनना बहुत जरूरी है। उन्होंने स्वदेशी के मंत्र और ‘वोकल फॉर लोकल’ का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘जरूरत न हो तो विदेशों में घूमने-फिरने नहीं जाना चाहिए। विदेशों में शादी नहीं करना चाहिए। मेड इन इंडिया के मंत्र को जीना चाहिए और जरूरत न हो तो सोना भी नहीं खरीदना चाहिए।”

 

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial